गुरुवार, 5 दिसंबर 2024

झुरमुट

 झुरमुटों को पंख लग गए हैं

बिखरकर प्रबंध रच गए हैं

हवा न बोली न सूरज बौराया

अब लगे झुरमुट ही ठंस गए हैं


झुनझुनाहट झुरमुटों का स्वभाव है

झुंड ही विवेचना कर गए हैं

आंख मूंद उड़ रहे हैं झुरमुट

उत्तुंग कामना स्वर भए हैं


रेंग रहीं चींटियां झुरमुटों पास

दीमक उभर आग्रह कर गए

पंख लगे झुरमुट क्या यथार्थ है

प्रश्न उभरे दुराग्रह धर गए


विकास की विन्यास की प्रक्रिया

परिवर्तन साध्य समय कह गए

चिंतनीय जीवंतता जहां हुई क्षीण

संस्कार, संस्कृति, समाज बह गए।


धीरेन्द्र सिंह

05.12.2024

19.05

पुणे




मंगलवार, 3 दिसंबर 2024

कवि सम्मेलन

 शब्द किसी दायरे के रूप हो गए

रचनाकार रचकर स्वयं अनूप हो गए


दायरा यह शब्द का व्यक्ति का भी

अनवरत जुगाड़ में यह रचनाकार सभी

साहित्य गुट में गुटबाज खूब हो गए

रचनाकार रचकर स्वयं अनूप हो गए


वही रचनाएं वही कुम्हलाई गलेबाजी

यह मंच क्या बने रची हिंदी जालसाजी

जहां मंच वहीं साहित्य सबूत हो गए

रचनाकार रचकर स्वयं अनूप हो गए


एक रचनाकार होता मंच पर अपवाद

उसके दम पर संयोजन साहित्यिक दाद

आयोजक भी पुड़िया के भभूत हो गए

रचनाकार रचकर स्वयं अनूप हो गए।


धीरेन्द्र सिंह

03.12.2024

06.26




रविवार, 1 दिसंबर 2024

निज गीता

 मन के भंवर में

तरंगों की असीमित लहरें

कामनाओं के अनेक वलय

लगे जैसे

कृष्ण कर रहे हैं संचालित

प्यार और युद्ध का

एक अनजाना अंधड़,

तिनके सा उड़ता मन

इच्छाओं का इत्र लपेटे

चाहता समय ले पकड़,


लोगों के बीच बैठे हुए

उड़ जाता है व्यक्ति

जैसे लपक कर लेगा पकड़

मंडराते अपने स्वप्नों को

किसी छत के ऊपर,

कितना सहज होता है

छोड़ देना साथ करीबियों का

पहन लेने के लिए उपलब्धि,


उड़ रहे हैं स्वप्न

उड़ रहे हैं व्यक्ति

अपने घर के मांजे से जुड़े,

ऊपर और ऊपर की उड़ान

कई मांजे मिलते जैसे तीर कमान

एक-दूसरे को काटने को आमादा,

किंकर्तव्यमूढ़ देखता है व्यक्ति

कभी स्वप्न कभी घर

और उदित करता है विवेक

एक कृष्ण

रच जाती है निज गीता।


धीरेन्द्र सिंह

01.12.2024

22.25




शुक्रवार, 29 नवंबर 2024

कौन लिख रहा

 कौन लिख रहा वर्तमान जो कहे

प्यार की गोद में लेखक हैं पड़े


व्यथा प्यार की, पीड़ा बिछोह का

कथा यार की, बीड़ा न मोह का

प्यार विशाल बतलाते मानव ढहे

प्यार की गोद में लेखक हैं पड़े


या तो भूत भाव या हैं कल्पनाएं

सपूत कीर्ति छांव कोई न बतलाए

झुरमुट तले खरगोश बंद दृष्टि पड़े

प्यार की गोद में लेखक हैं पड़े


शौर्य नहीं शक्ति नहीं न तो जाबांजी

चॉकलेटी चेहरा लिए बस हो इश्कबाजी

पांव अथक चल रहे छोड़कर धड़े

प्यार की गोद में लेखक हैं पड़े।


धीरेन्द्र सिंह

29.11.2024

16.51


बुधवार, 27 नवंबर 2024

कौन बड़ा

 दिल कूद सामने बेचैन खड़ा हो गया

पूछ बैठा प्यार से कौन बड़ा हो गया


विश्व में जनित नव प्यार परिभाषा

सत्य में घटित भाव श्रृंगार तमाशा

संवेदना का तार टूटा धड़ा हो गया

पूछ बैठा प्यार से कौन बड़ा हो गया


व्योम और धरा का है पारस्परिक यार

स्थापित को झुठलाने के हैं कई प्रकार

प्यार बौना हो रहा स्वार्थ मढ़ा ओ गया

पूछ बैठा प्यार से कौन बड़ा हो गया


दिल दुखी पूछ बैठा यह क्या प्रकार है

अवसरवादी प्यार हुआ क्या मनोविकार है

विकल्प बेशुमार ले मन कड़ा हो गया

पूछ बैठा प्यार से कौन बड़ा हो गया।


धीरेन्द्र सिंह

28.11.2024

05.53


मंगलवार, 26 नवंबर 2024

बोरसी

 कुछ अलग - भाषा, संस्कृति, अभिव्यक्ति :-


काठ छुईं जांत छुई जड़वत कड़ाका

बोरसी से ठेहुन लगल मिलल पड़ाका


रजाई से देह निकलल भयल तमाशा

अंगुरी-कान चुए लागल पानी क बताशा

काँपत देंह जापत जीभ नाक सुन सड़ाका

बोरसी से ठेहुन लगल मिलल पड़ाका


गोबर-गोइठा सानी पानी जाड़ा क कहानी

चूल्हा-चौका चाय-पानी इहे गांव जवानी

लकड़ी, गोईंठा, बोरसी आग फूटे देह धड़ाका

बोरसी से ठेहुन लगल मिलल पड़ाका।


धीरेन्द्र सिंह

26.11.2024

17.20

सोमवार, 25 नवंबर 2024

ओस

 ओस ठहरी हुई है 

पंखुड़ी पर

यह उसका है भाग्य,

वह दूब, धरा समाई

अनजाने में

जीवन भी है कितना साध्य,


पंखुड़ी, दूब, धरा आदि

कोमल शीतलता पगुराए

पवन झकोरा उन्मादी

ओस चुहल की उत्पाती

इधर चले

कभी उधर चले

जैसे तुम्हारे नयन

पलक ओस समाए,

पवन सरीखा हम बौराए,


गिरती ओस में

सिमट आती है तुम्हारी सोच

और मन करता है प्रयास

पंखुड़ी, दूब, धरा आदि

बन जाना

पर होता कब है

जीवन को जी पाना मनमाना,


हवाएं सर्द चल रही हैं

ओस की शीतलता चुराए

राह पर कुहरा है

धीमा गतिशील जीवन है

जैसे

लचक रही हो टहनी

झूल रही हो ओस

और तुम संग लचकती

सिहरन भरी यह सोच।


धीरेन्द्र सिंह

26.11.2024

05.05