बुधवार, 31 जनवरी 2024

किसान

 सूर्य रखता भाल पर तन पूर्ण स्वेद

माटी से कलरव कृषक करे बिन भेद


माटी मधुर संगीत बन फसलें लहराए

वनस्पति संग जुगलबंदी से फल इतराएं

कृषक चषक सा माटी में भरता श्रम नेग

माटी से कलरव कृषक करे बिन भेद


सर्दी की ठिठुरन में खेतों की रखवाली

मर्जी से ना मिल पाए अपनी घरवाली

थाली लोटा ऊंघता माटी भीत को देख

माटी से कलरव कृषक करे बिन भेद


मौसम मार पशुओं का वार फसल सहे

करे किसानी बस मचान चहुं दिशा गहे

ट्रैक्टर ट्रॉली अर्थ बवाली नहीं विशेष

माटी से कलरव कृषक करे बिन भेद


अन्न देवता देश का है गरीब किसान

रोटी-बेटी जब जगें माटी दे तब तान

है समर्पित साधक माटी योगी निस्तेज

माटी से कलरव कृषक करे बिन भेद।


धीरेन्द्र सिंह

01.02.2024

12.29


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें