सोमवार, 30 दिसंबर 2024

वह

 खयाल अपने बदलकर वह जवाब हो गए

करने लगे चर्चा कि हम बेनकाब हो गए


जब तक चले थे साथ, भर विश्वास हाँथ

बुनते गए खुद को, देता रहा हर काँत

पहचान मिली, सम्मान यूं आबाद हो गए

करने लगे चर्चा कि हम बेनकाब हो गए


हृदय से जुड़कर रहे निरखते भाव-भंगिमाएं

प्रणय तन तक है छलकते वह समझाएं

दिल से दिल से जो जुड़े, जज्बात हो गए

करने लगे चर्चा कि हम बेनकाब हो गए


हसरतों में उनके रहीं हैं बेसबब वीरानियाँ

रचते गए बेबाक जिंदगी की सब कहानियां

अब दौर यही भूत के सब असबाब हो गए

करने लगे चर्चा कि हम बेनकाब हो गए।


धीरेन्द्र सिंह

30.12.2024

13.05




रविवार, 29 दिसंबर 2024

भींगी आतिश

 सर्दियों की बारिश

चाहतों की वारिस

दावा ले बरस पड़ी

शुरू हुई सिफारिश


बूंदों की हसरतें हैं

बादलों की नवाजिश

हवाओं में है नर्तन

उनिदों की गुजारिश


शीतलता समाई भरमाई

चाह ऊष्मता खालिश

झकोरे बूंद पहनाए

सिहरन सिहरन मालिश


बूंद बने ओला

जल उठे माचिस

मौसम की अदाएं

जिंदगी भींगी आतिश।


धीरेन्द्र सिंह

30.12.2024

00.32




शनिवार, 28 दिसंबर 2024

ठंढी

 

शीतल चले बयार दिल जले हजार
किसी को पड़ी कहां
कंबल बंटते दग्ध अलाव मन पुकार
अजी वह अड़ी कहां

कविताएं हर भाव जगाएं खूब नचाए
साजिंदों की अढ़ी कहां
उष्मित कोमल भाव लिख रहे रचनाकार
इनको किसकी पड़ी कहां

हर दिन उगता मद्धम सूर्य रश्मि लिए
पंखुड़ी शबनम जुड़ी कहाँ
ठंढी अपनी मंडी पूरी निस साज सँवारे 
ओला, बर्फ,ओस लड़ी जहां

शीतल चले बयार आतिथ्य मिले विभिन्न
सांस भाप बन उड़ी कहां
दिन ढलते चूल्हा जल जाए भोज लिए
जीमनेवाले बेफिक्र, घड़ी कहां।

धीरेन्द्र सिंह
28.12.2024
17.52






गुरुवार, 26 दिसंबर 2024

वैवाहिक जीवन

 वैवाहिक जीवन के अक्सर झगड़े

हाँथ उठाने से हो जाते क्या तगड़े


सुविधापूर्ण जगत में सारी सुविधाएं

धन एकत्र करने की होड़ और पाएं

प्रतियोगिता, दबाव और कई लफड़े

हाँथ उठाने से हो जाते क्या तगड़े


विवाह की भी बदल रही परिभाषा

परिणय प्रयोग की बनी कर्मशाला

पास-पड़ोस, रिश्तों में चाहे हों अगड़े

हाँथ उठाने से हो जाते क्या तगड़े


शून्य पर पहुंची लगे सहनशीलता 

शुध्द व्यवहार गणित क्या मिलता

लड़खड़ा रहे अतृप्त संस्कार है पकड़े

हाँथ उठाने से हो जाते क्या तगड़े।


धीरेन्द्र सिंह

26.12.2024

15.39




मंगलवार, 24 दिसंबर 2024

फुलझड़ी

 हम उसी भावनाओं की फुलझड़ी हैं

आतिशबाजियों को क्यों तड़ातड़ी है


रंगबिरंगी रोशनी से है जिंदगी नहाई

शुभसंगी कौतुकी में है बंदगी अंगड़ाई

समस्याएं सघन मार्ग चांदनी खड़ी है

आतिशबाजियों को क्यों तड़ातड़ी है


फुलझड़ी संपर्क है जलने तक रुबाई

सुरक्षित शुभता दिव्यता भर मुस्काई

अन्य ध्वनि करें असुरक्षा भी बड़ी है

आतिशबाजियों को क्यों तड़ातड़ी है


अंगुलियों से पकड़ें तो चाह चमचमाई

फुलझड़ी सहयोगी संग-साथ गुनगुनाई

रोशन फूल सितारों की जिंदगी लड़ी है

आतिशबाजियों को क्यों तड़ातड़ी है।


धीरेन्द्र सिंह

25.12.2024

12.14




प्रेम कली

 आप यथार्थ मैं यथार्थ

अस्पष्ट हैं सब भावार्थ

अभिव्यक्तियां विभिन्न

दावा सभी करें समानार्थ


बूंद चुनौती सागर देती

गागर थिरकन चित्रार्थ

लहरें कब करदें तांडव

विप्लव कब होता परमार्थ


सबके हिय बहता सागर

मन गगरी स्पंदन स्वार्थ

सबकी खोज यथार्थ है

सबका प्रयास है ज्ञानार्थ


अपने यथार्थ को जानें

माने समझें क्या हितार्थ

प्रेम कली का प्रस्फुटन

सागर गागर बस संकेतार्थ।


धीरेन्द्र सिंह

24.12.2024

16.11




सोमवार, 23 दिसंबर 2024

साइबर क्राइम

 बातों ही बातों में ले लेते हैं रुपए

साइबर क्राइम के शिक्षित बहुरुपिए


शालीनता, शिष्टता के बन पुजारी

कितनों के खाते में की है सेंधमारी

अर्थजाल बना मोहक कहें चमकिए

साइबर क्राइम के शिक्षित बहुरुपिए


ज्ञानी, समझदार, सतर्क भी फंसते

खुद से लुटा दिया देर में हैं समझते

भावनाओं से खेलते चाहें और भभकिए

साइबर क्राइम के शिक्षित बहुरुपिए


चालबाजों का समूह रचते रहता व्यूह

सबकी निर्धारित भूमिका चालें गुह्य

लोभ की लपक दबंग उमंग ना गहिए

साइबर क्राइम के शिक्षित बहुरुपिए।


धीरेन्द्र सिंह

23.12.2024

17.39




शनिवार, 21 दिसंबर 2024

प्रौसाहित्य

 प्रौसाहित्य और प्रौसाहित्यकार


जो भी देखा लिख दिया यह हौसला है

रचनाकार वही जिसका ऐसा फैसला है


रुचिकर अरुचिकर साहित्य नहीं होता

उगता अवश्य है मन से सर्जन बोता

शब्द मदारी कलम दुधारी जलजला है

रचनाकार वही जिसका ऐसा फैसला है


साधना को मांजना ही प्रौसाहित्य है

प्रौद्योगिकी नहीं तो लेखन आतिथ्य है

प्रौसाहित्य पसर रहा बसर ख़िलाखिला है

रचनाकार वही जिसका ऐसा फैसला है


प्रौसाहित्य में लेखन नित धुआंधार है

प्रतिक्षण मिलता सूचनाओं का अंबार है

प्रौसहित्यकार का कारवां हिलामिला है

रचनाकार वही जिसका ऐसा फैसला है।


धीरेन्द्र सिंह

22.12.2024

10.59




दरकार

 सर्दियों में गर्म साँसों की ही फुहार है

अश्रु बर्फीले टपकते किसको दरकार है


कब छला, कौन छला, कब रुका तो चला

अंकुरण की खबर नहीं संग हवा बह चला

नीतियों की रीतियों में बसा झंकार है

अश्रु बर्फीले टपकते किसको दरकार है


भावनाओं के भंवर में तरसते ही रह गए

कामनाओं में संवर यूं बरसते ही बह गए

भींग जाने पर बोले जेठ की बयार है

अश्रु बर्फीले टपकते किसको दरकार है


मन फुदकते बोले यह नहीं तो वह डाल

स्वर अलापता ही रहा मिला न सही ताल

सत्य उभरा मन ही अपना सरकार है

अश्रु बर्फीले टपकते किसको दरकार है।


धीरेन्द्र सिंह

21.12.2024

15.35




शुक्रवार, 20 दिसंबर 2024

पोस्ट

अति व्यस्तता में जो रचना न गयी लिखी
बोल उठीं ”आज आपकी पोस्ट नहीं दिखी”

लेखन हो निरंतर तो नित्य के होते पाठक
सब होते रचनाकार लेखन के नए साधक
अभिनव ऊर्जा देते पाठक सखा और सखी
बोल उठी “आज आपकी पोस्ट नहीं दिखी”

सुवासित हुई रचनाएं भी पढ़ उनकी पंक्ति
यह व्यक्ति की प्रशंसा या सर्जन आसक्ति
कई भावनाएं उपज करें बातें बहकी-बहकी
बोल उठी “आज आपकी पोस्ट नहीं दिखी”

मैसेंजर पर लिखीं करती नही टिप्पणियां
खो जाती कभी बातें हम-दोनों के दर्मियाँ
समूह ओर ना बढ़ीं मैसेंजर पर यूं चहकी
बोल उठी “आज आपकी पोस्ट नहीं दिखी”।

धीरेन्द्र सिंह
20.12.2024
21.42


मंगलवार, 17 दिसंबर 2024

चाह

 दियासलाई

एक दिए को

ज्योतिर्मय करने को

आमादा है,

तीलियाँ कसमाती

कब जल जाना है,

एक-दूसरे से जुड़ा

कैसा तानाबाना है,

मन एक तीली

हृदय दियासलाई

तुम दिया अंकुराई,

ऊर्जाएं तीली का सिरा

धरती सा गोल

या तुम्हारी पुतलियों सा,

हृदय के बाह्य तल पर

पटक अपना सर

जल जाने को आमादा,

चलो दीपावली मनाएं।


धीरेन्द्र सिंह

18.12.2024

07.15




सोमवार, 16 दिसंबर 2024

नारी

 पग बढ़ा अंगूठे से खींचती हैं क्यारी

लक्ष्मण रेखा के बिना बढ़ती ना नारी


चाह है, राह है, उमंगों की घनी छांह

उठती, उड़ती रुक जाती है सिकोड़ बांह

हाँथ होंठों पर रखी जब भावना किलकारी

लक्ष्मण रेखा के बिना बढ़ती ना नारी


क्या बुरा है क्या भला है नारीत्व में पला

संस्कृति और संस्कार इनका, जग है ढला

संरचना यही संरचित यही लगें सर्वकार्यभारी

लक्ष्मण रेखा के बिना बढ़ती ना नारी


लखि उपवन दृग चितवन भावनाएं गहन

जो सोचें पूरा न कहें मर्यादाओं के सहन

खंजन नयन कातिल मुस्कान लगें हितकारी

लक्ष्मण रेखा के बिना बढ़ती ना नारी।


धीरेन्द्र सिंह

16.12.2024

16.07



रविवार, 15 दिसंबर 2024

जाकिर

 शब्द थाप से मिल गए भावों को सहला

जाकिर हुसैन आवाज का मिजाज तबला


श्रेष्ठतम संगीतज्ञ संग की हैं जुगलबंदी

तबला है इश्क़ कैसा की है नुमाइंदगी

तिहत्तर की उम्र में गए हो गया मसला

जाकिर हुसैन आवाज का मिजाज तबला


थिरकती अंगुलियों का तबले से वह प्यार

झूमते गर्दन नाचते केश तबला वादन साकार

कहां तबले पर जादू का कार्यक्रम है अगला

जाकिर हुसैन आवाज का मिजाज तबला।


धीरेन्द्र सिंह

15.12.2024

22.46



शनिवार, 14 दिसंबर 2024

मर-मर जीने में

 कोई जब याद करता है बरसते भाव सीने में

वही वादी लगे खाईं है लरजते मर-मर जीने में


हर घड़ी प्यार की पुचकार भरी जग आशाएं

क्या पड़ी किसपर कोई भला क्यों बतलाए

सजाता रचकर ऐसे विश्वास पहने नगीने में

वही वादी लगे खाईं है लरजते मर-मर जीने में


कहां से बांधकर लाती हवाएं यादों के बस्ते

कहां से भाव आ जाते कसक यादों से सजते

यह यादें भी हैं कैसे जानती बरसना सीने में

वही वादी लगे खाईं है लरजते मर-मर जीने में


कोई छूटकर भी छूटता नहीं लगे छूट गया

नयन भाव फूटकर भी फूटता नहीं बने नया

एक अंकुर निर्जला गुल खिलाता सुगंध सीने में

वही वादी लगे खाईं है लरजते मर-मर जीने में।


धीरेन्द्र सिंह

15.12.2024

13.06



कौआ

 कौआ चला हंस की चाल

गिरगिट ऑरकेस्ट्रा दे तान

लगे गिलहरी सा यह जीवन

पेड़, डालियाँ जीवन अनुमान


गिरगिट सा रंग बदलता ऑरकेस्ट्रा

तीन धारियां ब्रांड अभिमान

कौआ इसमें चपल बन गया

हंस लगे बस तिरते अभिज्ञान


जो जीता है वही सिकंदर

कांव-कांव कौआ आत्मज्ञान

हंस छवि सुंदर सा खुश है

और बनाए कौआ नित मचान।


धीरेन्द्र सिंह

14.12.2024

11.35




शुक्रवार, 13 दिसंबर 2024

पीठासीन

 सत्य की अर्जियां तो दीजिए

कथ्य की मर्जियाँ भी लीजिए

प्रजातंत्र की है यह स्वतंत्रता

बरसते भाव रीतियों से भीगिए


आप विजेता नेता सा चल रहे

ठाठ में तो बाट को तो देखिए

कल तलक जयकारा लगानेवाला

किस कदर अनदेखा हुस्न हिए


दिल की संसद में है वाद-विवाद

शोर अनियंत्रित कुछ तो कीजिए

प्यार में पक्ष-प्रतिपक्ष द्वंद्व चरम

समर्पित है प्रणय पीठासीन लीजिए।


धीरेन्द्र सिंह

13.12.2024

19.30




गुरुवार, 12 दिसंबर 2024

चेहरा

 बहुत भोला सा निष्कपट चेहरा

देखते बोला नयन लिपट चेहरा


जीवन चुनौतियों की सिमटी हवाएं

संघर्ष नीतियों की विजयी पताकाएं

शालीनता से गर्वित चले फहरा

देखते बोला नयन लिपट चेहरा


दृष्टि देख रही थी बांधे बवंडर

भृकुटि लगे बांधे हुए समंदर

अवलोकन में तेजस्विता दोहरा

देखते बोला नयन लिपट चेहरा


हर चेहरा लगे ब्रह्मांड का एक विश्व

बंद अधर लगे सूचनाओं के अस्तित्व

हर चेहरे को प्रणाम भाव गहरा

देखते बोला नयन लिपट चेहरा।


धीरेन्द्र सिंह

12.12.2024

20.47 




बुधवार, 11 दिसंबर 2024

जीवन

 जीवन

एक प्यास

एक आस

एक तलाश

पर क्या यह है सच?

खरगोश सा है

अधिकांश जीवन

एक बनाई परिधि में

निर्द्वंद्व भटकना

और रहना प्रसन्न

उसी परिवेश में

जाने-पहचाने चेहरे बीच;


कौन तोड़ निकल पाता है

दायरा अपना

एक अनजानी चुनौती

का करने सामना,

आए चुनौतियां

दौड़े अपने 

सम्प्रदाय धर्म स्थली

कामना-थाम ना;


अधिकांश जीवन

अपनी मुक्ति का

करता है भक्ति,

एक उन्मुक्त उड़ान की

कामना में,

जीवन-जीवन को छलते

यूं ही

गुजर जाता है।


धीरेन्द्र सिंह

12.12.2024

08.41



शुक्रवार, 6 दिसंबर 2024

सीढियां

 एक युवती घुटनों बल चढ़ रही थी सीढियां

वह शक्ति नहीं था स्वभाव दे गई पीढियां


कई वयस्क हांफ रहे थे चढ़ते हुए लगातार

सदियों पुरानी, भारतीय पुरातत्व की झंकार

कितनों की मन्नत पूरी हुई जानती सीढियां

वह शक्ति नहीं था स्वभाव दे गई पीढियां


एक युवक लिए थैला दे रहा था उसका साथ

महिला ही होती हैं पकड़े जीवन के विश्वास

पथरीली थी कुछ अनगढ़ सीढ़ी समेटे कहानियां

वह शक्ति नहीं था स्वभाव दे गई पीढियां


आस्था और विश्वास का ही जग में उल्लास

अदृश्य ऊर्जा कोई कहीं पाए उसकी है आस

परालौकिक ऊर्जाओं में रुचि लगता बढ़िया

वह शक्ति नहीं था स्वभाव दे गईं पीढियां।


धीरेन्द्र सिंह


06.12.2024

19.38


गुरुवार, 5 दिसंबर 2024

झुरमुट

 झुरमुटों को पंख लग गए हैं

बिखरकर प्रबंध रच गए हैं

हवा न बोली न सूरज बौराया

अब लगे झुरमुट ही ठंस गए हैं


झुनझुनाहट झुरमुटों का स्वभाव है

झुंड ही विवेचना कर गए हैं

आंख मूंद उड़ रहे हैं झुरमुट

उत्तुंग कामना स्वर भए हैं


रेंग रहीं चींटियां झुरमुटों पास

दीमक उभर आग्रह कर गए

पंख लगे झुरमुट क्या यथार्थ है

प्रश्न उभरे दुराग्रह धर गए


विकास की विन्यास की प्रक्रिया

परिवर्तन साध्य समय कह गए

चिंतनीय जीवंतता जहां हुई क्षीण

संस्कार, संस्कृति, समाज बह गए।


धीरेन्द्र सिंह

05.12.2024

19.05

पुणे




मंगलवार, 3 दिसंबर 2024

कवि सम्मेलन

 शब्द किसी दायरे के रूप हो गए

रचनाकार रचकर स्वयं अनूप हो गए


दायरा यह शब्द का व्यक्ति का भी

अनवरत जुगाड़ में यह रचनाकार सभी

साहित्य गुट में गुटबाज खूब हो गए

रचनाकार रचकर स्वयं अनूप हो गए


वही रचनाएं वही कुम्हलाई गलेबाजी

यह मंच क्या बने रची हिंदी जालसाजी

जहां मंच वहीं साहित्य सबूत हो गए

रचनाकार रचकर स्वयं अनूप हो गए


एक रचनाकार होता मंच पर अपवाद

उसके दम पर संयोजन साहित्यिक दाद

आयोजक भी पुड़िया के भभूत हो गए

रचनाकार रचकर स्वयं अनूप हो गए।


धीरेन्द्र सिंह

03.12.2024

06.26




रविवार, 1 दिसंबर 2024

निज गीता

 मन के भंवर में

तरंगों की असीमित लहरें

कामनाओं के अनेक वलय

लगे जैसे

कृष्ण कर रहे हैं संचालित

प्यार और युद्ध का

एक अनजाना अंधड़,

तिनके सा उड़ता मन

इच्छाओं का इत्र लपेटे

चाहता समय ले पकड़,


लोगों के बीच बैठे हुए

उड़ जाता है व्यक्ति

जैसे लपक कर लेगा पकड़

मंडराते अपने स्वप्नों को

किसी छत के ऊपर,

कितना सहज होता है

छोड़ देना साथ करीबियों का

पहन लेने के लिए उपलब्धि,


उड़ रहे हैं स्वप्न

उड़ रहे हैं व्यक्ति

अपने घर के मांजे से जुड़े,

ऊपर और ऊपर की उड़ान

कई मांजे मिलते जैसे तीर कमान

एक-दूसरे को काटने को आमादा,

किंकर्तव्यमूढ़ देखता है व्यक्ति

कभी स्वप्न कभी घर

और उदित करता है विवेक

एक कृष्ण

रच जाती है निज गीता।


धीरेन्द्र सिंह

01.12.2024

22.25




शुक्रवार, 29 नवंबर 2024

कौन लिख रहा

 कौन लिख रहा वर्तमान जो कहे

प्यार की गोद में लेखक हैं पड़े


व्यथा प्यार की, पीड़ा बिछोह का

कथा यार की, बीड़ा न मोह का

प्यार विशाल बतलाते मानव ढहे

प्यार की गोद में लेखक हैं पड़े


या तो भूत भाव या हैं कल्पनाएं

सपूत कीर्ति छांव कोई न बतलाए

झुरमुट तले खरगोश बंद दृष्टि पड़े

प्यार की गोद में लेखक हैं पड़े


शौर्य नहीं शक्ति नहीं न तो जाबांजी

चॉकलेटी चेहरा लिए बस हो इश्कबाजी

पांव अथक चल रहे छोड़कर धड़े

प्यार की गोद में लेखक हैं पड़े।


धीरेन्द्र सिंह

29.11.2024

16.51


बुधवार, 27 नवंबर 2024

कौन बड़ा

 दिल कूद सामने बेचैन खड़ा हो गया

पूछ बैठा प्यार से कौन बड़ा हो गया


विश्व में जनित नव प्यार परिभाषा

सत्य में घटित भाव श्रृंगार तमाशा

संवेदना का तार टूटा धड़ा हो गया

पूछ बैठा प्यार से कौन बड़ा हो गया


व्योम और धरा का है पारस्परिक यार

स्थापित को झुठलाने के हैं कई प्रकार

प्यार बौना हो रहा स्वार्थ मढ़ा ओ गया

पूछ बैठा प्यार से कौन बड़ा हो गया


दिल दुखी पूछ बैठा यह क्या प्रकार है

अवसरवादी प्यार हुआ क्या मनोविकार है

विकल्प बेशुमार ले मन कड़ा हो गया

पूछ बैठा प्यार से कौन बड़ा हो गया।


धीरेन्द्र सिंह

28.11.2024

05.53


मंगलवार, 26 नवंबर 2024

बोरसी

 कुछ अलग - भाषा, संस्कृति, अभिव्यक्ति :-


काठ छुईं जांत छुई जड़वत कड़ाका

बोरसी से ठेहुन लगल मिलल पड़ाका


रजाई से देह निकलल भयल तमाशा

अंगुरी-कान चुए लागल पानी क बताशा

काँपत देंह जापत जीभ नाक सुन सड़ाका

बोरसी से ठेहुन लगल मिलल पड़ाका


गोबर-गोइठा सानी पानी जाड़ा क कहानी

चूल्हा-चौका चाय-पानी इहे गांव जवानी

लकड़ी, गोईंठा, बोरसी आग फूटे देह धड़ाका

बोरसी से ठेहुन लगल मिलल पड़ाका।


धीरेन्द्र सिंह

26.11.2024

17.20

सोमवार, 25 नवंबर 2024

ओस

 ओस ठहरी हुई है 

पंखुड़ी पर

यह उसका है भाग्य,

वह दूब, धरा समाई

अनजाने में

जीवन भी है कितना साध्य,


पंखुड़ी, दूब, धरा आदि

कोमल शीतलता पगुराए

पवन झकोरा उन्मादी

ओस चुहल की उत्पाती

इधर चले

कभी उधर चले

जैसे तुम्हारे नयन

पलक ओस समाए,

पवन सरीखा हम बौराए,


गिरती ओस में

सिमट आती है तुम्हारी सोच

और मन करता है प्रयास

पंखुड़ी, दूब, धरा आदि

बन जाना

पर होता कब है

जीवन को जी पाना मनमाना,


हवाएं सर्द चल रही हैं

ओस की शीतलता चुराए

राह पर कुहरा है

धीमा गतिशील जीवन है

जैसे

लचक रही हो टहनी

झूल रही हो ओस

और तुम संग लचकती

सिहरन भरी यह सोच।


धीरेन्द्र सिंह

26.11.2024

05.05




रविवार, 24 नवंबर 2024

आत्मा की भूख

 आत्मा की भूख जब भी हुंकार भरे

क्यों न जीवन फिर किसी से प्यार करे


प्यार परिणय में मिले क्या है जरूरी

सामाजिकता संस्कृति की होती धूरी

वलय की परिक्रमाएं वही धार रहे

क्यों न जीवन फिर किसी से प्यार करे


यूं किसी से प्यार हो जाना असंभव

तार मन के जुड़ भरें निखार रच भव

एक धुआं दिल उठे लौ की पुकार करे

क्यों न जीवन फिर किसी से प्यार करे


प्रौद्योगिकी है देती प्रायः नव धुकधुकी

खींच लेता भय मन चाह लगाए डुबकी

अपना मन जब असीमित दुलार भरे

क्यों न जीवन फिर किसी से प्यार करे।


धीरेन्द्र सिंह

25.11.2024

08.46




शनिवार, 23 नवंबर 2024

जरूरी होना

 अचरज, सारथ, समदल संजोना

जरूरी होता है जरूरी होना


अब जग है सूचना संचारित

इंटरनेट पर है सकल आधारित

होता पल्लवित बस है बोना

जरूरी होता है जरूरी होना


अपना मूल्य जो करे निर्धारित

प्रायःसभा में नाम उसका पारित

छवि महान योग्यता लगे बौना

जरूरी होता है जरूरी होना


प्रबंधन शिक्षा न सिखला पाए

अनुभव दीक्षा से पाया जाए

खाट ठाठ से पहले बिछौना

जरूरी होता है जरूरी होना


तर्क, तथ्य का पथ्य जो धाए

धावत-धावत बस दावत पाए

चाहत, चुगली, चाटुकारिता डैना

जरूरी होता है जरूरी होना।


धीरेन्द्र सिंह

24.11.2024

09.10




शुक्रवार, 22 नवंबर 2024

साहित्य

 साहित्य जब से स्टेडियम का प्यास हो गया

धनाढ्य वर्ग का साहित्य तब घास हो गया


विश्वविद्यालय सभागार में खिलती संगोष्ठियां

महाविद्यालय कर स्वीकार करती थीं युक्तियां

यह दौर गलेबाजों युक्तिकारों का खास हो गया

धनाढ्य वर्ग का साहित्य तब घास हो गया


साहित्य का अब विभिन्न बाजार बन गया

बिकता जो है उसका तय खरीददार धन नया

पुरानी रचनाओं का जबसे विपणन आस हो गया

धनाढ्य वर्ग का साहित्य तब घास हो गया


सब हैं लिखते छपने, बिकने पुरस्कार के लिए

अंग्रेजी भाषा की लड़ियाँ हिंदी के टिमटिमाते दिए

रचनाकार तले रचनाओं का फांस हो गया

धनाढ्य वर्ग का साहित्य तब घास हो गया


मॉल मल्टीप्लेक्स में एक संग कई फिल्में

इसी धुन पर स्टेडियम में साहित्य फड़कें

एकसंग कई प्रस्तुति साहित्य तलाश हो गया

धनाढ्य वर्ग का साहित्य तब घास हो गया।


धीरेन्द्र सिंह

22.11.2024

15.13



गुरुवार, 21 नवंबर 2024

रचना

 अति संवेदनशील पुरुष

जब कला के किसी विधा की

करता है रचना 

तब प्रमुख होती है नारी

उसके मन-मस्तिष्क में

बनकर सर्जना की ऊर्जा,


संवेदनाओं की तलहटी में

नहीं पहुंच सकता पुरुष

बिना नारी भाव के,

यदि साहस भी करे तो

रचता है उबड़-खाबड़

तर्क और विवेक मिश्रित

ठूंठ भाव,


पुरुष जब करता है

लोक कला का सृजन

मूल में संजोए

नारी भाव

तब निखर उठती है

एक मौलिक रचना

और अपनी पूर्णता पर

हो खुश

रचना हाँथ मिलाती है

अपने सर्जक से,


प्रत्येक रचना होती है

नारी तुल्य गहन, विस्तृत

जीवंत और व्यवहारकुशल

प्रति पल।


धीरेन्द्र सिंह

21.11.2024

23.05




बुधवार, 20 नवंबर 2024

अच्छा दिखना

 कैसी हो

मन ने कहा

तो पूछ लिया,

तुरंत उनका उत्तर आया

ठीक हूँ, आप कैसे हैं,

बहुत अच्छा लगा 

आपका मैसेज पढ़कर,

अभी अमेरिका में हूँ

वह बोलीं;


मेरी परिचितों में

सबसे सुंदर दिखनेवाली

मित्र हैं मेरी,

अपने व्यक्तित्व को

नहीं आता प्रस्तुत करना

सबको,

यह निष्णात हैं

निगाहों को स्वयं पर

स्थिर रखने का 

कौशल लिए;


जीवन की

लंबी बातचीत बाद

वह बोलीं

“मेरी सबसे बड़ी कमजोरी है 

अच्छा दिखना, सेल्फी लगाना

 अच्छा पहनना, 

पता नहीं उससे कब उबर पाऊंगी”

मैंने टाइप किया

“कितनों को आता है अच्छा दिखना

अपने आप को जो जानता है,

 अपने को प्यार करता है 

वही स्वयं को संवार सकता है,

 इसे मत छोड़िएगा क्योंकि

 यह अभिव्यक्ति है आपकी

 यह आपकी अपने स्व की पूजा है”


उसने मुस्कराहट भेज दी

इमोजी संग और बोली

“सेल्फी तो लगते ही इसलिए कि 

लोग देखे तो, 

कोई शिकायत ही नहीं है किसी से”

कहां मिल पाता है ऐसा

उन्मुक्त विचार और सर्जना, प्रायः,

वह टाइप की

“चलिए शुभ रात्रि 

आपके यहां रात हो गई 

हमारी सुबह है”


नारी के इस व्यक्तित्व में 

घूमती रही कविता

और शब्द उभारने लगे

अपने विविध गूढ़ भाव

और जिंदगी

देखती रही मुझे।


धीरेन्द्र सिंह

20.11.2024

21.09




मंगलवार, 19 नवंबर 2024

नगाड़ा

 जिसका जितना सहज नगाड़ा

उसका उतना सजग अखाड़ा


प्रचार, प्रसार, विचार उद्वेलन

घर निर्माण संग चौका बेलन

भीड़ जुटाएं सिखाएं पहाड़ा

उसका उतना सहज अखाड़ा


अक्कड़-बक्कड़ बॉम्बे खो

दिल्ली, बंगलुरू संजो तो

बनाए कम अधिक बिगाड़ा

उसका उतना सहज अखाड़ा


हिंदी की हैं दुकान सजाए

अभिमान प्रतिमान बनाए

बेसरगमी बेसुरा लिए बाड़ा

उसका उतना सहज अखाड़ा।


धीरेन्द्र सिंह

19.11.2024

19.29


सोमवार, 18 नवंबर 2024

सर्द पंक्तियां

 सर्द-सर्द पंक्तियां

क्यों हमारे दर्मियाँ


चाह की चाय

आह की चुस्कियां

गर्माहट मंद हुई

क्यों हमारे दर्मियाँ


सर्द-सर्द पंक्तियां

क्यों हमारे दर्मियाँ


कौतूहल चपल है

कयास की सरगर्मियां

फुँकनी लील गया करेजा

क्यों हमारे दर्मियाँ


सर्द-सर्द पंक्तियां

क्यों हमारे दर्मियाँ


मनभर लोटा दिए उलीच

चाह कटोरा रिक्तियां

सजल सत्यकाम अनाम

क्यों हनारे दर्मियाँ


सर्द-सर्द पंक्तियां

क्यों हमारे दर्मियाँ।


धीरेन्द्र सिंह

18.11.2024

10.47



रविवार, 17 नवंबर 2024

सर्दी

 सर्दियों की दस्तक है

गर्माहट ही समीक्षक है

मौसम के कई प्रश्नपत्र

सिहरन बनी अधीक्षक है


सर्द हवाएं त्वचा बेचैन

गर्म वस्त्र लकदक हैं

दिन पीछे आगे रात

रसोई भी भौंचक है


गर्म चुस्कियां विधा अनेक

नर्म गर्म ही रक्षक है

धुंध, कुहासे दूध बताशे

वाहन लाइट कचकच है


चेहरा अधर क्रीम भरा

भूख लगे भक्षक है

श्रृंगार की धार फुहार

अधर-अधर अक्षत है।


धीरेन्द्र सिंह

17.11.2024

20.11


शनिवार, 16 नवंबर 2024

नेतृत्व

 नेतृत्व -  नेतृत्व


विश्वमयी मानव तत्व

पर छाते अंधियारे

विश्व किसको डांटे

कुनबा-कुनबा निज अस्तित्व,

नेतृत्व-नेतृत्व


युद्ध कहीं चल रहा

कहीं आस्था परिवर्तन

लगाम लगा न पाए कोई

निरंतर हो परिवर्तन

कैसे-कैसे खुले-बंद हैं कृतित्व,

नेतृत्व-नेतृत्व


कोख कहीं सौम्य सरल

कोख कहीं अति सक्रिय

जात-धर्म की चर्चा है

शूद्र, वैश्य, पंडित, क्षत्रीय

कहा किसका कैसे गिनें घनत्व,

नेतृत्व-नेतृत्व


एक विवेकी असमर्थ हो जाता

विपक्ष में जो हो अविवेकी

कर्म से कोई भाग्य रचता

कोई रचता आक्रामकता खेती

मानवता करे गुहार स्थूल न हो द्रव्य,

नेतृत्व-नेतृत्व


वसुधैव कुटुम्बकम विश्व भाल

सत्य है नहीं वहम, जीवन पाल

भारतीय संस्कृति अति विशाल

हमेशा चाहती विश्व सुख ताल

मानवता चाहती विनम्रता सत्व,

नेतृत्व-नेतृत्व।


धीरेन्द्र सिंह

16.11.2024

12.51



बुधवार, 13 नवंबर 2024

यद्यपि

 यद्यपि तुम तथापि किन्तु

वेगवान मन कितने हैं जंतु


विकल्प हमेशा रहता सक्रिय

लेन-देन भावना अति प्रिय

आकांक्षाओं के अविरल तंतु

वेगवान मन कितने हैं जंतु


जड़ अचल झूमती डालियाँ

एक घर, हैं अनेक गलियां

व्यग्रता व्यूह निरखता मंजू

वेगवान मन कितने हैं जंतु


अपने को अपने से छुपाना

खुद से खुद का बहाना

जकड़न, अकड़न तड़पन घुमंतु

वेगवान मन कितने हैं जंतु।


धीरेन्द्र सिंह

14.11.2024

08.28



सोमवार, 11 नवंबर 2024

तल्लीन

 तल्लीन

सब हैं

अपने-अपने

स्वप्न संजोए

कुछ बोए, कुछ खोए;


खींचते जा रहा जीवन

परिवर्तित करते

कभी मार्ग कभी भाग्य

झरोखे से आती संभावनाएं

छल रही

दशकों से डुबोए,


मन को लगते आघात

देते तोड़ जज्बात

बात-बेबात

यह रिश्ते,

सगुन की कड़ाही में

न्यौछावर फड़क रहा

भुट्टे की दानों की तरह

उछाल पिरोए,


तल्लीन सब हैं

स्वयं को बहकाते

परिवेश महकाते,

कांधे पर बैठी जिंदगी

बदलती रहती रूप

कदम रहते गतिशील

कभी उत्साहित कभी सोए-सोए।


धीरेन्द्र सिंह

12.11.2024

08.15




रविवार, 10 नवंबर 2024

पगला

 प्यार कब उथला हुआ छिछला हुआ है

प्यार जिसने किया वह पगला हुआ है


एक धुन की गूंज में सृष्टि मुग्ध हर्षित

एक तुम हो तो हो अस्तित्व समर्पित

जिसने चाहा प्रेम जीना वह तो मुआ है

प्यार जिसने किया वह पागल हुआ है


सृष्टि भी देती भाग्यशालियों को पागलपन

कौन इस चलन में देता है अपनापन

परिवेश लगे खिला-खिला मन मालपुआ ही

प्यार जिसने किया वह पागल हुआ है


इसी पागलपन में रचित होती सर्जनाएं

मौलिकता गूंज उठे चेतना को हर्षाए

यह भी अद्भुत दिल ने दिल छुआ है

प्यार जिसने किया वह पागल हुआ है।


धीरेन्द्र सिंह

10.11.2024

20.28




शनिवार, 9 नवंबर 2024

छंट रहे

 जाने कितना झूमता ब्रह्मांड है

मस्तिष्क भी तो सूर्यकांत है

ऊर्जाएं अति प्रबल बलिहारी

भावनाएं इसीलिए आक्रांत है


दीख रहा जो दीनता का प्रतीक

पार्श्व में तो व्यक्ति संभ्रांत है

वेदनाएं रहीं लपक ले उछाल

अर्चनाएं सभी होती सुकांत है


लाभ, अहं, प्रसिद्धि लोक गुणगान

सदा सजग भाव तुकांत है

छल रहे, छंट रहे छलकते अपने

मत कहिए हाल यह दुखांत है


क्षद्मवेशी खप जाते सहज पकड़ा जाए

कुरीतियां ही रीतियाँ नव सिद्धांत है

पढ़ चुके कौन जाने कितना असत्य

लिख रहा जो जाने कैसा दृष्टांत है।


धीरेन्द्र सिंह

10.11.2025

02.29


गुरुवार, 7 नवंबर 2024

बना की मस्तियां

 अद्भुत, असाधारण, अनमोल हस्तियां

समझ का ठीहा है बनारस की मस्तियां


अपनी ही धुन के सब अथक राही

हर जगह मस्त शहर, गांव या पाही

यहां बिना न्याय उडें न्याय अर्जियां

समझ का ठीहा है बनारस की मस्तियां


थोड़ी सी ऐंठन थोड़ा सा है चुलबुला

आक्रामक बाहर दिखे भीतर रंग खिला

बातें बतरंग बहे बेरंग गली और बस्तियां

समझ का ठीहा है बनारस की मस्तियां


अबीर-गुलाल सा कमाल भाल हाल

बांकपन में लचक प्रेम की नव ताल

खिलखिलाहट नई आहट चाहतिक चुस्तियाँ

समझ का ठीहा है बनारस की मस्तियां।


धीरेन्द्र सिंह

08.11.2024

12.07