सोमवार, 5 मार्च 2018

व्यक्तित्व

खुद से बने वो प्राचीर हो गए
अनुगामी जो रहे तामीर हो गए

स्वनिर्माण भी है बुनियादी संस्कार
पखारा किए खुद को और धो गए

बेजान ही प्रवाह में उछलता खूब
आते हैं जाते हैं अनेकों खो गए

स्वनिर्माता खुद का विधाता भी
पढ़ने की कोशिशों में लोग रो गए

खुद को गढ़ने, पढ़ने में हो व्यतीत
अतीत दर्शाता कहे लो वो गए

फौलाद सी सख्ती मक्खनी कोमलता
ऐसे ही लोग उर्वरा बीज बो गए।

धीरेन्द्र सिंह

बिंदिया

           बिंदिया

एक आग मसल अंगुलियों में
बिंदिया बना दूं
भाल पर ताल ज़िन्दगी का दे
सरजमीं सजा दूं
सम्मोहित दृष्टि की वृष्टि में
तिरोहित आकांक्षाएं
रूप के ओ अप्रतिम अंदाज़
आ दिलजमीं बना दूं

अनूठेपन धारित आलोकित रूप
रश्मियाँ छंटा दूं
लपेटकर अपनी अंगुलियों में प्रीत
युक्तियां अटा दूं
सुर सितार कपाल ध्वनित करे
समर्पित बेसुध अंगुलियां
प्रेम गहनता समेट बिंदिया की
रीतियां बसा दूं

एक आग मसल अंगुलियों में
बिंदिया बना दूं
ललाट लहक उठे ज्वाल प्रीत
सिद्धियां बहा दूं।

धीरेन्द्र सिंह

बुधवार, 28 फ़रवरी 2018

ऐसी ना आप करो ठिठोली
अबकी बहकी होली में
भींग चुकी हो रंग-रंग अब
भावों की हर टोली में

कोरी चूनर की मर्यादा
पुलकित रहे हर टोली में
बहकी चाल बनाओ अबकी
पिय बहियन रंगोली में

फागन तो खोले हर आंगन
छाजन अंगों की बोली में
आत्मगुंथन भावुक बंधन
महके चंदन इस होली में

साजन निरख रहे दृग चार
मृग कुलांच किल्लोली में
शर्म से लाल म लाल हुई जो
होली रंग गई होली में।

धीरेन्द्र सिंह
कैसी-कैसी कसक रही बोली है
मौसम ले अंगड़ाई बोले होली है

कल्पनाएं रचाएं व्यूह रचना अजब
खुद को सायास कोशिश रखें सजग
गज़ब-अजब अंदाज़ अलबेली रसबोली है
मौसम ले अंगड़ाई बोले होली है

जाड़े का मौसम न आड़े आए अभी
कुर्ता, पायजामा, चुनर हैं लहकाए सभी
यहां दांव, वहां ठांव, चितवन चुहेली है
मौसम ले अंगड़ाई बोले होली है

जिसके जैसे भाव वैसी योजना निभाव
शहर-शहर पगलाया, बौराया है गांव
कोई संकेत मात्र, कोई हुडदंगी टोली है
मौसम ले अंगड़ाई बोले होली है

रंगों का पर्व होली, भींगे कुर्ता-चोली
उमंग हो तरंगित, उन्मादित जीवन पहेली
व्यक्ति के व्यक्तित्व को बहुरंगी खोली है
मौसम ले अंगड़ाई बोले होली है

कैसी-कैसी कसक रही बोली है
मौसम ले अंगड़ाई बोले होली है।

धीरेन्द्र सिंह

सोमवार, 19 फ़रवरी 2018

गेसुओं की छांव

नवीनता के लिए उम्दा जज्बा चाहिए
गेसुओं की छांव का सघन कब्जा चाहिए

कुछ भी अकेले न कर सके कोई तो
पलकें हों बोलतीं लरज सजदा चाहिए

बहुत दूरी है भौगोलिक उनकी तो अभी
एहसासी छुवन भी तो गरजता चाहिए

उनके बिना अस्तित्व की क्या कल्पना
बदली बिना ज्यों सावन बरसता चाहिए।

धीरेन्द्र सिंह

मेरी मिल्कियत

मैं अपनी हद में जी रहा
यह है मेरी मिल्कियत
खुश रहूँ या नाखुश मैं
क्यों बिगड़े उनकी तबियत

किसी के हांथों पर माहताब
खिले न खिले, काबिलियत
परिणय का हो या प्रेम का
क्यों बिगड़े उनकी तबियत

खुशियां लपेट कर हुलसे
प्रसन्नता ना जम्हूरियत
गौरैया जो चहके मुंडेर मेरे
क्यों बिगड़े उनकी तबियत

उपलब्धियों के पहाड़ उन्नत
समुन्नत प्रखर और खासियत
डफली पर बजे उल्लास
क्यों बिगड़े उनकी तबियत

अलगनी पर कपड़े सी ज़िन्दगी
जीवन फिर भी रुमानियत
जिगर जज्बात का दिप्त आफ़ताब
क्यों बिगड़े उनकी तबियत।

धीरेन्द्र सिंह

शुक्रवार, 16 फ़रवरी 2018

सृष्टि आकृष्ट हो समिष्ट हो गई
अर्चनाएं अनुराग की क्लिष्ट हो गई

व्यक्तित्व पर व्यक्तित्व का आरोहण
गतिमानता निःशब्द मौन दृष्टि हो गई

प्रांजल नयन सघन गहन अगन
दाह तन स्पर्श कर वृष्टि हो गई

वैराग्य जीवन स्वप्न या छलावा एक
निरख छवि मनबसी दृष्ट हो गई।

धीरेन्द्र सिंह