गुरुवार, 12 दिसंबर 2024

चेहरा

 बहुत भोला सा निष्कपट चेहरा

देखते बोला नयन लिपट चेहरा


जीवन चुनौतियों की सिमटी हवाएं

संघर्ष नीतियों की विजयी पताकाएं

शालीनता से गर्वित चले फहरा

देखते बोला नयन लिपट चेहरा


दृष्टि देख रही थी बांधे बवंडर

भृकुटि लगे बांधे हुए समंदर

अवलोकन में तेजस्विता दोहरा

देखते बोला नयन लिपट चेहरा


हर चेहरा लगे ब्रह्मांड का एक विश्व

बंद अधर लगे सूचनाओं के अस्तित्व

हर चेहरे को प्रणाम भाव गहरा

देखते बोला नयन लिपट चेहरा।


धीरेन्द्र सिंह

12.12.2024

20.47 




बुधवार, 11 दिसंबर 2024

जीवन

 जीवन

एक प्यास

एक आस

एक तलाश

पर क्या यह है सच?

खरगोश सा है

अधिकांश जीवन

एक बनाई परिधि में

निर्द्वंद्व भटकना

और रहना प्रसन्न

उसी परिवेश में

जाने-पहचाने चेहरे बीच;


कौन तोड़ निकल पाता है

दायरा अपना

एक अनजानी चुनौती

का करने सामना,

आए चुनौतियां

दौड़े अपने 

सम्प्रदाय धर्म स्थली

कामना-थाम ना;


अधिकांश जीवन

अपनी मुक्ति का

करता है भक्ति,

एक उन्मुक्त उड़ान की

कामना में,

जीवन-जीवन को छलते

यूं ही

गुजर जाता है।


धीरेन्द्र सिंह

12.12.2024

08.41



शुक्रवार, 6 दिसंबर 2024

सीढियां

 एक युवती घुटनों बल चढ़ रही थी सीढियां

वह शक्ति नहीं था स्वभाव दे गई पीढियां


कई वयस्क हांफ रहे थे चढ़ते हुए लगातार

सदियों पुरानी, भारतीय पुरातत्व की झंकार

कितनों की मन्नत पूरी हुई जानती सीढियां

वह शक्ति नहीं था स्वभाव दे गई पीढियां


एक युवक लिए थैला दे रहा था उसका साथ

महिला ही होती हैं पकड़े जीवन के विश्वास

पथरीली थी कुछ अनगढ़ सीढ़ी समेटे कहानियां

वह शक्ति नहीं था स्वभाव दे गई पीढियां


आस्था और विश्वास का ही जग में उल्लास

अदृश्य ऊर्जा कोई कहीं पाए उसकी है आस

परालौकिक ऊर्जाओं में रुचि लगता बढ़िया

वह शक्ति नहीं था स्वभाव दे गईं पीढियां।


धीरेन्द्र सिंह


06.12.2024

19.38