मंगलवार, 11 जुलाई 2017

गमगीन है, उदास है
डगमग लगे विश्वास है
एक द्वंद्व अजूबा सा
वैचारिक उलझा उच्छवास है

यह प्यास की अपूर्णता
या फिर नई तलाश है
मन तो आराजित रहे
जीवन में क्या खास है

जो उलझा वही सुलझा
जो सुलझा वही विन्यास है
निष्क्रियता है स्पंदनहीनता
उलझिए न क्यों हताश हैं

पीड़ा का अर्थ नवीनता
सहनशीलता ही आकाश है
धरा की जो है उर्वरताएँ
अनेकों संभावनाओं की आस है।

शुक्रवार, 7 जुलाई 2017

.सेदोका

हिम खंड लो
टूटती जलधारा
तोड़े तटबंध को
रोक लो अब
वरना तो डरना
जलमग्न बहना।

2. खुले में शौच
     खोले रोग अपार
     गंदगी भरमार
     बंद हो द्वार
     सफाई की पुकार
      आप ही सरकार।

3.  प्लास्टिक रोको
     यह घातक बड़ा
     न उपयोग बढ़ा
     प्लास्टिक है बुरा
     उपयोग बंद हो
     मानव तू नहीं सो।

4. गीला सूखा रे
    अलग हो कचड़ा
    ना कर तू लफड़ा
    गीला अलग
    सूखा कचड़ा भी
    शुद्ध परिवेश जी।

5. गंगा पवित्र
    नदी नहीं जीवन
    आत्मा का ही यौवन
     फूल न बहा
     प्रार्थनाएं ही बहे
     गंगा कितना सहे।

   

गुरुवार, 6 जुलाई 2017

वही हौसला है
क्या फैसला है
उम्मीदों का बादल
फिर निकल पड़ा है

एक अनुभूति गहराती
मन प्यासा घड़ा है
एक ज़िन्दगी की गति
स्वप्न मूक खड़ा है

विस्मय निरख रहा
एहसास बड़ा है
सौंदर्य सुगंधमयी
नैवेद्य पड़ा है

प्रांजलता की चाहत
अकुलाहट अकड़ा है
हृदय में रागिनियाँ
कूदता भोला बछड़ा है।

बुधवार, 28 जून 2017

मन पानी की तरह है
जिधर ढलना ढल जाएगा
बावरे तू न कुछ कर पाएगा

हर मन का अपना पवन है
मन की प्रीत बड़ी गहन है
मन किसी बांध से न बंधे
मन को जब बहना बह जाएगा
बावरे तू न कुछ कर पाएगा

किसी के मन पर अख्तियार
अरे यह सोचना है बेकार
बेजार मन जब तड़पायेगा
ढलान मिले वहीं बह जाएगा
बावरे तू न कुछ कर पाएगा

प्रयास, कोशिश, एफर्ट, मेहनत
या कि वर्षों से हो सोहबत
लगन जिसकी लगी लुढ़क जाएगा
बर्फ चट्टानी लिए बह जाएगा
बावरे तू न कुछ कर पाएगा

यह हंसी, बोल, जो किल्लोल है
मन का मन से लगे होता मेल है
गोलमोल हो तू कितना लुभाएगा
मन चुपके से बहा चला जाएगा
बावरे तू न कुछ कर पाएगा

बीते जमाने की शायरी का ले जोश
सोच मत प्रतियोगी हो जाएं खामोश
ऑनलाइन दुनिया में कब क्या हो जाएगा
मन आज इधर कल उधर बह जाएगा
बावरे तू न कुछ कर पाएगा।


मंगलवार, 27 जून 2017

क्यों छुआ तुमने निमंत्रण न था
क्यों जिया तुमने आमंत्रण न था
एक अगन ज़िन्दगी जलाती रहेगी
क्यों किया तुमने जब प्रण न था।
पत्नी दो नयना है
प्रिये है तीसरी आंख
पत्नी अगर है गरिमा
प्रिये लगे, है साख

दो नयन करे आचमन
तीसरी आंख करे फांक
रसीले आम सी ज़िन्दगी
कुशलता से ली बांट

तीसरी आंख अति उल्लास
दो नयन छुड़ाए हर गांठ
तीसरी आंख शोख चंचल
दो नयन दे सुख का ठाठ

त्रिनेत्र शंकर हैं भोले भंडारी
दो नयन सनेही दे सब बांट
त्रिनेत्र न हो तो मस्ती न मिले
दो नयन बिना न दिखे बाट।
तुम गुमसुम लगी थी पहली मुलाकात में
अब झरने जैसी कल-कल बहती दिलोजान में
यह भी तो ज़िन्दगी अपनी है दुनिया से छुपी हुई
खिल-खिल कर मस्ती में एक दूजे के गुमान में।